|
नीमच । कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने स्वामित्व योजना सहित निर्धारित शासकीय कार्यों का समय-सीमा में निष्पादन नहीं करने पर जिले के 37 परिवीक्षाधीन पटवारियों को तत्काल कार्य पर उपस्थित होकर सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने के आदेश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन नहीं करने की स्थिति में संबंधित पटवारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सेवा से पृथक किया जाएगा। स्वामित्व योजना के अंतर्गत स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के आधार पर हस्तांतरण विलेखों के निष्पादन एवं निःशुल्क पंजीयन की प्रक्रिया के तहत हितग्राहियों के भूखंडों का पंजीयन तथा अन्य निर्धारित कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाने हैं। संबंधित पटवारियों द्वारा सौंपे गए कार्यों का अपेक्षित रूप से निष्पादन नहीं किए जाने और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता की स्थिति को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। कलेक्टर द्वारा संबंधित पटवारियों को तत्काल समस्त शासकीय कार्यों का निष्पादन प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों की अवहेलना की स्थिति में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (सामान्य सेवा शर्तें) नियम, 1961 के नियम 8 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की जाएगी। |