रतलाम / नांदलेटा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के सहायक संचालक शिक्षा मनीष वर्मा ने पीएम श्री एकीकृत शासकीय हाई स्कूल नांदलेटा का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के शिक्षण स्तर को परखने के साथ विद्यालय में संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। शाला की व्यवस्थाओं पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
विद्यालय के प्राचार्य विट्ठल लाल बुज ने बताया कि निरीक्षण के दौरान शासन की योजनाओं के अंतर्गत विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल वितरण, अपार आईडी निर्माण और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यालय में शौचालय, पेयजल, विश्व हाथ धुलाई दिवस से संबंधित गतिविधियों, पुस्तकालय, अटल टिंकरिंग लैब (ATL), कंप्यूटर शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, हर्बल गार्डन, पीएम श्री वाटिका और खेल मैदान की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया।
विद्यार्थियों के शिक्षण स्तर को परखने के लिए ली कक्षा
निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक मनीष वर्मा ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता का आकलन करने के लिए कक्षा ली और बच्चों से विभिन्न प्रश्न पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई के स्तर को समझते हुए विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। साथ ही बच्चों की नियमित उपस्थिति और शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति की स्थिति का भी जायजा लिया।
संगीत कक्ष में बच्चों की प्रस्तुति ने किया प्रभावित
विद्यालय के संगीत कक्ष में विद्यार्थियों ने हारमोनियम और ढोलक के माध्यम से संगीत की प्रस्तुति दी। बच्चों की इस गतिविधि को देखकर सहायक संचालक मनीष वर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय में संगीत गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता को सराहते हुए संगीत शिक्षक की व्यवस्था करने के लिए भी आश्वस्त किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में निर्माणाधीन कंप्यूटर कक्ष की जानकारी भी ली गई। डिजिटल शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी सुविधाओं के साथ विद्यालय की समग्र संचालन व्यवस्था का अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा केंद्र रतलाम से एपीसी मुकेश ठन्ना पूरे निरीक्षण के दौरान साथ रहे। विद्यालय प्रबंधन ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हुए इस निरीक्षण से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं और सहशैक्षणिक गतिविधियों की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के अंत में शाला संचालन व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया गया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत