|
गरनाई में नौ दिवसीय गरबा महोत्सव का हुआ समापन, हवन-पूजन के बाद निकला विसर्जन जुलूस मंदसौर। नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि पर्व ग्राम गरनाई में हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। जय अंबे गरबा मंडल समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय गरबा महोत्सव के अंतिम दिन पूरा गांव मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर नजर आया। महोत्सव के समापन अवसर पर गरबा पांडाल में माता रानी की विशेष महाआरती की गई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हवन-पूजन संपन्न हुआ। हवन में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। हवन-पूजन के बाद धार्मिक भजनों और माता रानी के जयकारों के बीच गांव में विसर्जन जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामवासी नाचते-गाते शामिल हुए। गांव के प्रमुख मार्गों से निकले जुलूस के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। इसके पश्चात विधि-विधान के साथ माता रानी की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। मां को विदाई देते समय श्रद्धालु भावुक नजर आए। इस दौरान विसर्जन कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समिति के सदस्य और ग्रामीण सक्रिय रहे। इसी के साथ ग्राम गरनाई में नौ दिवसीय नवरात्रि एवं गरबा महोत्सव का भक्तिमय समापन हुआ। |