|
नीमच। शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए निरंतर सक्रिय नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया द्वारा दीपोत्सव त्यौहार को देखते हुए नपाध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा के निर्देश पर 1 नवंबर से 7 नवंबर तक स्वच्छता सप्ताह की शुरुआत करते हुए 1व 2 नवंबर को नीमच सिटी के वार्ड क्रमांक 1 से 7 तक मे भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर रूप अपनाते हुए तीन कर्मचारियों की सेवा समाप्ति के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। साथ ही एक स्थान पर अवैध निर्माण पाए जाने पर निर्माण अनुमति प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित को दिए। सीएमओ श्रीमती बामनिया ने 1 नवंबर को वार्ड क्रमांक 1 से 3 तक में पिपली चौक,मोची मोहल्ला, रामपुरा दरवाजा हम्माल मोहल्ला सहित अन्य क्षेत्रों में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान मोची मोहल्ला व हम्माल मोहल्ले में सफाई गैंग द्वारा किए जा रहे नालीयों की सफाई कार्य को देखा और नालियों से निकली गाद को समय से उठवाने तथा नालियों के ऊपर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही एक स्थान पर दुकान निर्माण होते देख संबंधित को निर्माण अनुमति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसी तरह सीएमओ श्रीमती बामनिया ने 2 नवंबर को नीमच सिटी के मीणा मोहल्ला, खटीक मोहल्ला, कोर्ट मोहल्ला,माहेश्वरी मोहल्ला,जूना बाजार, इंदिरा नगर, फ्रूट मार्केट आदि क्षेत्रों में जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर स्वास्थ्य अधिकारी को अनुपस्थित कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता पर्वेक्षकों को निर्देश दिए की कहीं भी निर्माण कार्य होता पाए जाने पर संबंधित से निर्माण अनुमति प्राप्त कर नगर पालिका में प्रस्तुत करें। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कचरे के ढेर पाए जाने तथा भगवानपुरा तलैया पर सांवरिया सेठ व शनि देव मंदिर के आसपास गाजर घास व कचरा पाए जाने पर संबंधित स्वच्छता पर्यवेक्षक को सफाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक श्री भारत सिंह भारद्वाज, स्वच्छता गैंग प्रभारी से दीपक गोहर, स्वच्छता पर्यवेक्षक श्री संजय सुल्तान,श्री अशोक सौदे भी उपस्थित थे। श्रीमती बामनिया ने समस्त सफाई अमले को निर्देश दिए की सफाई सप्ताह के तहत छुट्टी पर प्रतिबंध लगाया हुआ है,दीपावली के त्योहार पर कचरा अधिक निकलता है इसलिए सफाई व्यवस्था का पूरा ध्यान रखें और ड्यूटी समय में कार्य स्थल पर मौजूद रहने के साथ ही कार्य में लापरवाही बिल्कुल नहीं बरते। अगर कार्य मे लापरवाही पाई गई या कोई भी कर्मचारी अनुपस्थित पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। श्रीमती बामनिया ने नागरिकों से भी अनुरोध किया है कि वह सफाई व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें तथा घर व संस्थान से निकलने वाला कचरा सड़क पर ना फेंकते हुए कचरा गाड़ी में ही डालें। |