|
सफाई कर्मियों का हाजिरी रजिस्टर देखा, अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस देने के दिए निर्देश नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा दीपावली पर्व को देखते हुए नपाध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा के निर्देश पर 1 से 7 नवंबर तक आयोजित सफाई सप्ताह के तहत सफाई व्यवस्था को लेकर निरंतर सक्रिय नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया द्वारा सफाई व्यवस्था का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। 1व 2 नवंबर को नीमच सिटी में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के पश्चात 3 नवंबर को श्रीमती बामनिया बघाना क्षेत्र में पहुंची और वहां सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही नागरिकों से सफाई व्यवस्था के बारे में फीडबैक लेते हुए चर्चा की और पूछा कि आपके क्षेत्र में सफाई हो रही है या नहीं तथा जहां-जहां से सफाई संबंधी शिकायत मिली वहां स्वच्छता निरीक्षक व स्वच्छता पर्यवेक्षकों को पर्याप्त साफ सफाई करवाने एवं सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए जिन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश स्वच्छता निरीक्षक को दिये।इस दौरान नगर पालिका सभापति श्री नीरज अहीर, स्वच्छता निरीक्षक श्री भारत सिंह भारद्वाज, श्री अविनाश घेघट, श्री भेरूलाल अहीर, गैंग प्रभारी श्री दीपक गौहर व स्वच्छता पर्यवेक्षक श्री ऋषभ अहीर भी साथ थे। सीएमओ श्रीमती बामनिया ने 3 नवंबर मंगलवार को बघाना के पटेल मोहल्ला,फतेह चौक,होली चौक, अहिर मोहल्ला, धनेरिया रोड स्थित बाबा रामदेव मंदिर सहित अन्य क्षेत्रों में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटेल मोहल्ला व अहीर मोहल्ले में सफाई गैंग द्वारा किए जा रहे नालीयों की सफाई कार्य को देखा और नालियों के ऊपर अतिक्रमण देख नागरिकों से नालियों के ऊपर से पट्टीयाँ व अन्य निर्माण हटाकर सफाई व्यवस्था में सहयोग की समझाइए देते हुए कहा कि अगर आप नालियों को खुला नहीं छोड़ेंगे तो नालियों की सफाई कैसे होगी। निरीक्षण के दौरान कुछ मकानो के बाहर सड़क तक अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित को चेतावनी दी कि वह स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा ले अन्यथा नगर पालिका द्वारा कार्रवाई की जाएगी। कुछ स्थानों पर कचरे के ढेर पाए जाने पर संबंधित स्वच्छता पर्यवेक्षक को सफाई कराने के निर्देश दिए। श्रीमती बामनिया ने स्वच्छता निरीक्षकों व पर्यवेक्षकों के साथ ही जनसेवकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरते और अवकाश पर ना रहते हुए यूनिफॉर्म में कार्य स्थल पर मौजूद रहे। श्रीमती बामनिया ने कहा कि सफाई व्यवस्था का निरक्षण निरंतर जारी रहेगा। अगर कार्य मे लापरवाही पाई गई या कोई भी कर्मचारी अनुपस्थित पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। श्रीमती बामनिया ने नागरिकों से भी अनुरोध किया है कि वह सफाई व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें तथा घर व संस्थान से निकलने वाला कचरा सड़क पर ना फेंकते हुए कचरा गाड़ी में ही डालें। |