रतलाम / सैलाना। जनजातीय समाज के स्वाभिमान, स्वतंत्रता और अधिकारों की लड़ाई के महानायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में 15 नवंबर को शासकीय महाविद्यालय सैलाना में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड सैलाना जिला रतलाम के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन और जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए दिए गए योगदान को याद किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके विचारों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी बाई रामचन्द्र चारेल उपस्थित रहीं। साथ ही पेसा जिला समन्वयक दिनेश वसुनिया, ब्लॉक समन्वयक बाजना मनीष डोडीयार तथा विकासखंड समन्वयक सैलाना रतनलाल चरपोटा की विशेष उपस्थिति रहै ।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के परामर्शदाताओं एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अतिथियों का पुष्पहार एवं तिलक लगाकर स्वागत किया।
अल्पायु में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ खड़ा किया जनआंदोलन
मुख्य अतिथि श्रीमती कैलाशी बाई रामचन्द्र चारेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने बेहद कम उम्र में अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ जनजातीय समाज को एकजुट कर संघर्ष की नई इबारत लिखी। उन्होंने समाज में स्वाभिमान, जागरूकता और अधिकारों के प्रति चेतना पैदा की। उनका जीवन आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
पेसा जिला समन्वयक श्री दिनेश वसुनिया ने पेसा एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए जनजातीय समाज को प्राप्त अधिकारों, ग्रामसभा की शक्तियों और स्थानीय स्तर पर स्वशासन की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के अधिकारों का संरक्षण और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना सामूहिक जिम्मेदारी है
ग्राम विकास में जनभागीदारी को बताया महत्वपूर्ण
विकासखंड समन्वयक सैलाना रतनलाल चरपोटा एवं बाजना के ब्लॉक समन्वयक श्री मनीष डोडीयार ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की गतिविधियों और ग्राम विकास में नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचार केवल स्मरण करने तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जागरूकता पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।
विद्यार्थियों ने लिया समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व विकास क्षमता पाठ्यक्रम (CMCLDP) के अंतर्गत बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं, परामर्शदाताओं, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों एवं परामर्शदाताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन चरित्र, सामाजिक सुधारों, जनजातीय अस्मिता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विचार प्रस्तुत किए।
समारोह के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने समाज सेवा, नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता तथा जल-जंगल-जमीन के संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा का संघर्ष हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन परामर्शदाता विक्रम कुमार शर्मा ने किया। अंत में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। आयोजन में उपस्थित अतिथियों, महाविद्यालय परिवार, परिषद के परामर्शदाताओं, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत