रतलाम / सैलाना/रावटी। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर सैलाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रानीसिंग में आयोजित प्रतिमा स्थापना एवं अनावरण समारोह के बाद आदिवासी समाज की राजनीतिक और सामाजिक दिशा को लेकर हुए चिंतन शिविर में भील प्रदेश की मांग ने जोर पकड़ लिया। कार्यक्रम में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार सहित राजस्थान और मध्यप्रदेश के आदिवासी नेताओं ने एक मंच से आदिवासी अधिकारों, राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक एकता और अलग भील प्रदेश के गठन की मांग को बुलंद किया।
चिंतन शिविर में यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि आदिवासी समाज अब केवल अपने अधिकारों की मांग करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सत्ता और सरकार में अपनी निर्णायक भागीदारी के लिए भी संगठित होगा।
सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि आदिवासी समाज के साथ होने वाले सांगठनिक अन्याय का अंत करने के लिए सामाजिक जागरूकता और जनजागरण का अभियान लगातार जारी रहेगा। समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर संगठित होना होगा। उन्होंने राजनीतिक ताकत बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश विधानसभा में बाप पार्टी के अधिक से अधिक विधायक पहुंचाने होंगे, ताकि प्रदेश में बाप पार्टी की सरकार बनाई जा सके। उनका कहना था कि आदिवासी समाज की समस्याओं का स्थायी समाधान तभी संभव है जब समाज की अपनी मजबूत राजनीतिक आवाज और सत्ता में प्रभावी भागीदारी हो।
राजस्थान के बागीदौरा विधायक जेके पटेल और डूंगरपुर के चौरासी विधायक अनिल कटारा ने मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के आदिवासी बहुल क्षेत्रों को मिलाकर अलग भील प्रदेश राज्य बनाने की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया। उन्होंने इस मांग को आदिवासी समाज की पहचान, अधिकार और राजनीतिक स्वायत्तता से जोड़ते हुए एकजुट संघर्ष की आवश्यकता बताई।
बांसवाड़ा के सांसद प्रत्याशी कांति भाई आदिवासी ने कहा कि संविधान में आदिवासियों के हितों के लिए अनेक प्रावधान हैं, लेकिन उनका वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब समाज अपने वोट की कीमत और सरकार में भागीदारी का महत्व समझेगा। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत मध्यप्रदेश में आदिवासियों की अपनी सरकार बनाने का आह्वान किया। भारत आदिवासी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मांगीलाल निनामा ने भी आदिवासी एकता को सामाजिक समस्याओं के समाधान की सबसे बड़ी ताकत बताया।
आदिवासी परिवार के बैनर तले हुए इस आयोजन में भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश संयोजक ध्यानवीर डामोर, जिलाध्यक्ष महावीर निनामा, बीपीवीएम प्रदेश संयोजक दिनेश माल, धनराज भमात, केशुराम निनामा, राजेंद्र मईडा, कविता भगोरा, रमेश खराड़ी, संगीता कटारा, चंदू मईडा और नीलेश खराड़ी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुभाष और मोहन ने किया। आभार सरपंच अंबाराम गरवाल ने व्यक्त किया।
रानीसिंग के इस आयोजन में बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना के साथ आदिवासी समाज की राजनीतिक चेतना, भील प्रदेश की मांग और मध्यप्रदेश में अपनी सरकार बनाने की हुंकार ने कार्यक्रम को एक बड़े राजनीतिक संदेश में बदल दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत