मंदसौर। मालवा की जीवनरेखा और करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र मां चंबल की पावन धारा बुधवार को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो उठी। गांधी सागर जलाशय के मनोरम तट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मां चंबल की भव्य आरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की मंगलकामना की। कैबिनेट बैठक से पहले आयोजित इस विशेष धार्मिक आयोजन ने गांधी सागर के प्राकृतिक सौंदर्य को आध्यात्मिक गरिमा से जोड़ दिया। दीपों की जगमगाहट, शंखनाद और मां चंबल के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
21 पुजारियों के वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजा चंबल तट
मां चंबल की आरती का आयोजन पूरे विधि-विधान और पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। मुख्य पुजारी कैलाश भट्ट के नेतृत्व में बटुकों सहित 21 पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन संपन्न कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रद्धापूर्वक मां चंबल की आरती उतारी और प्रदेश की उन्नति, जनकल्याण तथा नागरिकों के सुखमय जीवन की प्रार्थना की। इस अवसर पर मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, श्रद्धालु और पर्यटक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
चंबल सिर्फ नदी नहीं, मालवा की संस्कृति और जीवन का आधार : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चंबल नदी के धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि चंबल मैया केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि मालवा की आस्था, संस्कृति और जीवनरेखा है। भगवान पशुपतिनाथ की नगरी मंदसौर के प्रभाव क्षेत्र में बहने वाली चंबल का धार्मिक महत्व अत्यंत व्यापक है। क्षिप्रा नदी चंबल में समाहित होती है और चंबल की धारा आगे यमुना नदी से जुड़ती है। चंबल के बिना यमुना की धारा भी अधूरी है।
उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों से मंदसौर, नीमच सहित राजस्थान के धौलपुर और मध्यप्रदेश के भिंड-मुरैना क्षेत्र को मां चंबल का आशीर्वाद मिलता रहा है। चंबल के जल और प्राकृतिक संपदा ने इस पूरे अंचल के जनजीवन को समृद्ध किया है। नदी में घड़ियाल और डॉल्फिन जैसे दुर्लभ जलीय जीवों का बसेरा भी इसकी जैव विविधता और पर्यावरणीय महत्ता को दर्शाता है। इसलिए चंबल को स्वच्छ रखने, उसके प्राकृतिक स्वरूप को बचाने और जलीय जीवों के संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प जरूरी है।
गांधी सागर को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बढ़ते कदम
मुख्यमंत्री ने गांधी सागर जलाशय की पर्यटन संभावनाओं और प्राकृतिक सौंदर्य को भी महत्वपूर्ण बताया। चंबल नदी पर स्थित गांधी सागर जलाशय एशिया के प्रमुख मानव निर्मित जलाशयों में शामिल है। यह मंदसौर और नीमच सहित पूरे प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विशाल जलराशि, हरियाली, पहाड़ियों और प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा इसका कैचमेंट क्षेत्र तथा बैकवॉटर पर्यटकों को आकर्षित करने की अपार क्षमता रखता है।
यहां फॉरेस्ट रिट्रीट, टेंट सिटी, वाटर स्पोर्ट्स और साहसिक गतिविधियों के माध्यम से पर्यटन को नई पहचान मिल रही है। अब मां चंबल की भव्य आरती भी गांधी सागर के पर्यटन आकर्षण में एक नया आध्यात्मिक आयाम जोड़ रही है।
आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने चंबल नदी को स्वच्छ रखने, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा पर्यावरण एवं जलीय जीवों के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। गांधी सागर के तट पर आयोजित यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति संरक्षण और पर्यटन विकास के संगम के रूप में सामने आया। मां चंबल की आरती के साथ मंदसौर की धरती से जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश भी प्रदेशभर में प्रसारित हुआ।
रिपोर्टर कमलेश शर्मा ( मंदसौर )