रतलाम / सैलाना। आदिवासी अंचल में शिक्षा की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सैलाना विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। विधायक कमलेश्वर डोडियार के निरंतर प्रयासों के बाद क्षेत्र में 17 नवीन प्राथमिक विद्यालय भवनों को स्वीकृति मिली है। इनमें बाजना विकासखंड के 12 और सैलाना विकासखंड के 5 विद्यालय शामिल हैं। लंबे समय से जर्जर स्कूल भवनों की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह स्वीकृति राहत भरी खबर मानी जा रही है।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने इस उपलब्धि पर क्षेत्र के समस्त विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि आदिवासी समाज की वास्तविक उन्नति और क्षेत्र की समस्याओं के स्थायी समाधान का सबसे प्रभावी रास्ता शिक्षा है। जब तक गांवों में बच्चों को सुरक्षित भवन, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध नहीं होगी तब तक विकास की कल्पना अधूरी रहेगी।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के अनेक प्राथमिक विद्यालयों के भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में हैं। बरसात के दिनों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इस गंभीर समस्या को उन्होंने लगातार विधानसभा के विभिन्न सत्रों में उठाया है। इसके साथ ही शासन और जिला प्रशासन को समय-समय पर मांग पत्र एवं प्रस्ताव देकर नवीन भवनों की स्वीकृति के लिए प्रयास किए जाते रहे हैं।
डोडियार ने कहा कि 17 विद्यालय भवनों की स्वीकृति निश्चित रूप से महत्वपूर्ण उपलब्धि है लेकिन अभी भी क्षेत्र में कई विद्यालय ऐसे हैं जहां भवनों की स्थिति चिंताजनक है। शेष जर्जर भवनों को भी स्वीकृत करवाने के लिए उनका प्रयास जारी रहेगा। उनका लक्ष्य है कि सैलाना विधानसभा के प्रत्येक गांव के बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलें।
बाजना ब्लॉक के इन 12 विद्यालयों को मिली स्वीकृति
हांडीखोरा, रायपाड़ा, जाम्बुवानिया, सालरापाड़ा, गुंदीपाड़ा, छावनी कमजी, नरसिंग नाका, राजापुरा माताजी, धमनिया, कदमाला, डाबडी और सरवड़।
सैलाना ब्लॉक के इन 5 विद्यालयों को मिली स्वीकृति
अलकाखेड़ा, मातर, बरपटी, शिवजी का टापरा और पिंडवारा।
भारत आदिवासी पार्टी के पदाधिकारियों ने भी 17 नवीन विद्यालय भवनों की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि नए विद्यालय भवन बनने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी।
विधायक डोडियार ने दोहराया कि उनका संघर्ष केवल विद्यालय भवनों की स्वीकृति तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में बुनियादी बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास की असली नींव है और आदिवासी अंचल के बच्चों का उज्ज्वल भविष्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत