रतलाम / सरवन
देशभर में चल रहे जनगणना-2026 अभियान के तहत रतलाम जिले में मकान सूचीकरण एवं निम्नांकन कार्य अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को सैलाना विकासखंड के सरवन गांव में तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने अचानक पहुंचकर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। उनके दौरे से प्रशासनिक अमले में सक्रियता और उत्साह साफ दिखाई दिया।
तहसीलदार श्री शर्मा ने गांव के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे सर्वे कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने घर-घर पहुंचकर सूचीकरण प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा और नागरिकों से भी चर्चा कर जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, डेटा की शुद्धता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत नींव है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, आवास और सामाजिक योजनाओं का निर्धारण इसी आंकड़ों के आधार पर किया जाता है। इसलिए प्रत्येक जानकारी का सही और निष्पक्ष संकलन अत्यंत आवश्यक है।
इस बार की जनगणना में डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। प्रगणक टैबलेट और मोबाइल ऐप के माध्यम से सीधे ऑनलाइन डेटा दर्ज कर रहे हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और त्रुटियों में कमी आई है। सरवन गांव सहित पूरे सैलाना क्षेत्र में यह कार्य व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान भूपेंद्र चावड़ा (पटवारी सरवन), रवींद्र उपाध्याय एवं रुद्रेश (मास्टर ट्रेनर), रणजीत कसेरा (जनगणना सहायक), आसिफ खान (सुपरवाइजर) सहित प्रगणक उमेश सुथार, गोपाल धाकड़ और ईश्वरलाल तंवर उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं स्थानीय नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। रतलाम जिला प्रशासन जनगणना-2026 को पूर्ण पारदर्शिता, दक्षता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के लिए लगातार मैदान में सक्रिय नजर आ रहा है।
रिपोर्टर : जितेंद्र कुमावत