|
|
नीमच। प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान त्रिनेत्र के तहत मनासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 क्विंटल 1 किलो ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत लगभग 22 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एन.एस. सिसोदिया एवं एसडीओपी निकीता सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनासा निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस चौकी कंजार्डा टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस द्वारा 6 मई 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान कंजार्डा रोड पर बिना नंबर का संदिग्ध जॉन डियर ट्रैक्टर-ट्रॉली रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रॉली में रखे 30 प्लास्टिक कट्टों से 6 क्विंटल 1 किलो ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। मामले में आरोपी सत्यनारायण धाकड़ निवासी कंजार्डा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत और नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उनि. श्याम कुमावत, सउनि. पन्नालाल चौहान, आरक्षक मोहनप्रकाश, अजयप्रताप एवं ईश्वरसिंह चौहान की विशेष भूमिका रही। |