|
|
सुसनेर। नगर परिषद सुसनेर की आगामी 18 मई को आयोजित होने वाली परिषद सम्मेलन बैठक इस बार खास रहने वाली है। पहली बार परिषद की पूरी कार्यवाही का सार्वजनिक लाइव प्रसारण किया जाएगा। नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवारिया चौराहे पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर परिषद बैठक का सीधा प्रसारण आम नागरिकों को दिखाया जाएगा। परिषद की बैठकों में नगर विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होती है। इनमें सड़क निर्माण, नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न जनहित कार्यों के प्रस्ताव शामिल रहते हैं। इन प्रस्तावों पर पार्षदों द्वारा समर्थन, सुझाव और कई बार आपत्तियां भी दर्ज कराई जाती हैं। अब पहली बार शहरवासी यह सब लाइव देख सकेंगे कि कौन विकास कार्यों का समर्थन करता है और किन मुद्दों पर विरोध या बहस होती है। अध्यक्ष प्रदीप सोनी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य परिषद की कार्यवाही में पारदर्शिता बढ़ाना और आम नागरिकों को नगर विकास की प्रक्रिया से सीधे जोड़ना है। इससे लोगों को यह समझने का अवसर मिलेगा कि शहर के विकास को लेकर परिषद में किस प्रकार निर्णय लिए जाते हैं और किन प्रस्तावों पर चर्चा होती है। नगर परिषद प्रशासन द्वारा लाइव प्रसारण को लेकर तकनीकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शुक्रवारिया चौराहे पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से बैठक का सीधा प्रसारण किया जाएगा। परिषद प्रशासन का मानना है कि यह पहल पारदर्शी प्रशासन और जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। |