|
|
मंदसौर। जादू-टोने से सोने के बिस्कुट निकालने का लालच देकर एक महिला से 13 लाख 80 हजार 790 रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला को असली सोना दिलाने का झांसा देकर लंबे समय तक रकम ऐंठी और बदले में पीतल के नकली बिस्कुट थमा दिए। पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला मंदसौर निवासी है और सिलाई-कढ़ाई का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। महिला पिछले 4-5 वर्षों से काम के सिलसिले में आरोपी भूरू खां उम्र 42 वर्ष निवासी सीतामऊ के संपर्क में थी। बताया गया है कि जून 2025 में आरोपी ने महिला की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाने की नीयत से उसे झांसे में लिया। आरोपी ने दावा किया कि वह जादू-टोना कर उसके कच्चे मकान के अंदर से सोने के बिस्कुट निकाल सकता है, जिससे उसकी गरीबी दूर हो जाएगी। धीरे-धीरे आरोपी ने महिला से अलग-अलग किश्तों में कुल 13 लाख 80 हजार 790 रुपये वसूल लिए। बाद में महिला को दिए गए बिस्कुट नकली और पीतल के निकले। ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शातिर आरोपी भूरू खां पिता नन्हें खां उम्र 42 वर्ष निवासी सीतामऊ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। |