रतलाम/भोपाल
अखिल भारत हिन्दू महासभा ने मध्यप्रदेश में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर संगठनात्मक विस्तार करते हुए नई नियुक्तियों की घोषणा की। प्रदेश कार्यकारिणी से लेकर जिला स्तर तक कई महत्वपूर्ण पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई, जिससे संगठन में नई ऊर्जा का संचार माना जा रहा है। खास बात यह रही कि रतलाम की सुश्री राजकुमारी प्रजापत को महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई, जिससे जिले में कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
हिन्दू महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारी देवेंद्र सिंह राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि यह नियुक्तियां राष्ट्रीय संगठन मंत्री राकेश तिवारी, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री दिनेश सुंगधी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनंदा दुबे एवं प्रदेश अध्यक्ष वीरसिंह राजपूत की अनुशंसा पर की गईं। इसके बाद प्रदेश संगठन मंत्री गौरव अध्वर्यु शर्मा ने सर्वसम्मति से पदाधिकारियों की आधिकारिक घोषणा की।
प्रदेशभर में इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
घोषित नियुक्तियों में पन्ना से अभिषेक शुक्ला को जिलाध्यक्ष, भोपाल से निकेत शर्मा को जिलाध्यक्ष, रिंकू यादव को जिला संगठन मंत्री, आनंद नायक को संभाग अध्यक्ष, मनोज पटेल को जिला उपाध्यक्ष, कैलाश गावड़े को जिला महामंत्री, देशराज सिंह को संभाग मीडिया प्रभारी, शांतनु माहुरकर को प्रदेश कोषाध्यक्ष, प्रदीप श्रीवास्तव को प्रदेश सह संगठन मंत्री, शांतनु सिंह एवं नीतीश निशांत सहगल को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। साथ ही एड. राजेंद्र मिश्रा को प्रदेश प्रमुख विधि सलाहकार और एड. मनीष शर्मा को प्रदेश विधि सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई।
रतलाम जिले के लिए गौरव की बात यह रही कि समाजसेवी एवं सक्रिय कार्यकर्ता सुश्री राजकुमारी प्रजापत को महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री बनाया गया। उनकी नियुक्ति के बाद रतलाम सहित आसपास के क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई संदेश दिए।
संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष वीरसिंह राजपूत ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिन्दू महासभा प्रदेश में सामाजिक, धार्मिक और राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नए पदाधिकारी पूरी निष्ठा, समर्पण और ऊर्जा के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने इसे प्रदेश में हिन्दू महासभा के व्यापक विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
उक्त जानकारी प्रदेश मीडिया प्रभारी भरत शर्मा द्वारा दी गई।
रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत