रतलाम / सैलाना। नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में स्थानीय व्यापारिक संगठनों ने सराहनीय एवं जनहितकारी पहल करते हुए बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत के लिए सहयोग प्रदान किया है। नगर परिषद द्वारा विधायक निधि से स्थापित किए गए सीसीटीवी कैमरों को पूर्व में जनहित एवं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस विभाग को सौंपा गया था। समय के साथ तकनीकी खराबी के कारण कई कैमरे बंद हो गए थे, जिससे निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
नगर की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सराफा एसोसिएशन, खाद-बीज व्यापारी एसोसिएशन, किराना व्यापारी एसोसिएशन तथा मंडी व्यापारी एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से थाना प्रभारी पिंकी आकाश को सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत एवं उन्हें पुनः चालू कराने के लिए सहयोग सौंपा। यह पहल नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को पुनः सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
व्यापारियों का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे केवल अपराधों की रोकथाम में ही नहीं, बल्कि किसी भी घटना की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध कराने में भी बेहद उपयोगी साबित होते हैं। कैमरों के सुचारु रूप से संचालित रहने से असामाजिक तत्वों पर नजर रखना आसान होगा, चोरी, लूटपाट जैसी वारदातों पर अंकुश लगेगा तथा आम नागरिकों और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी।
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने व्यापारिक संगठनों द्वारा किए गए इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और समाज की साझेदारी से ही बेहतर कानून व्यवस्था कायम रखी जा सकती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सहयोग का उपयोग बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत कर उन्हें शीघ्र पुनः संचालित कराने में किया जाएगा।
नगरवासियों ने भी व्यापारिक संगठनों की इस जनहितैषी पहल का स्वागत करते हुए इसे पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण बताया। लोगों का मानना है कि ऐसे सहयोगात्मक प्रयासों से नगर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत