|
|
भीलवाड़ा : वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में प्रस्तावित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक एवं दो दिवसीय सामाजिक जागृति महासम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए राजस्थान प्रांतीय तैलिक साहू महासभा ने आयोजन समिति का गठन करते हुए विभिन्न पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। महासभा के प्रदेशाध्यक्ष देवीलाल साहू द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार कार्यक्रम के सफल संचालन और व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पत्रकार प्रहलाद दिया (बड़ी हरणी), जो महासभा के प्रदेश मीडिया प्रभारी भी हैं, को आयोजन समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा महासभा के राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष देवराज तेली तथा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी एडवोकेट कुशल साहू को सह-संयोजक बनाया गया है। नियुक्तियों के साथ ही आयोजन की रूपरेखा तैयार करने तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के समन्वय का कार्य शुरू कर दिया गया है। नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि समिति के पदाधिकारी संगठन के वरिष्ठजनों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं स्थानीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम स्थल का चयन, विभिन्न उपसमितियों का गठन, प्रशासनिक अनुमतियां, अतिथि स्वागत तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगे। कार्यक्रम से जुड़े सभी महत्वपूर्ण निर्णय प्रदेश संगठन के मार्गदर्शन में लिए जाएंगे। महासभा के अनुसार भीलवाड़ा में आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक जागरूकता की दिशा में ऐतिहासिक साबित होगा। कार्यक्रम में राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के साथ देशभर से महासभा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि, समाज के जनप्रतिनिधि तथा लगभग 20 हजार प्रबुद्धजन शामिल होने की संभावना है। प्रदेशाध्यक्ष देवीलाल साहू ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सक्रियता, अनुभव और समन्वय क्षमता से आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और सफल होगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए इस आयोजन को समाज की एकजुटता और सामूहिक शक्ति का प्रतीक बनाने की अपील की। आयोजन समिति के गठन के साथ ही भीलवाड़ा में प्रस्तावित राष्ट्रीय महासम्मेलन को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रिपोर्ट : राजकुमार गोयल |