नीमच। शहर की राजस्व कॉलोनी में हुई चर्चित चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
ऐसे हुई थी चोरी
19 जुलाई 2026 को राजस्व कॉलोनी निवासी प्रमीला चौहान ने थाना नीमच कैंट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि देर रात अज्ञात बदमाश घर की खिड़की की ग्रिल हटाकर अंदर घुस गए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी तथा कैमरा चोरी कर ले गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
100 से अधिक CCTV कैमरों की जांच
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने राजा पारदी, सोनी पारदी और गजेन्द्र पारदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने अपने साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर 2 सोने के मंगलसूत्र पेंडल, 18 सोने के मोती, 3 सोने की अंगूठियां और 1 सोने का ताबीज, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है, बरामद किया गया। शेष चोरी का सामान फरार आरोपियों के पास होना बताया गया है।
दो और चोरी की वारदातें भी कबूलीं
पूछताछ में आरोपियों ने फरवरी 2026 में गायत्री मंदिर रोड स्थित एक स्पोर्ट्स दुकान से नकदी और खेल सामग्री चोरी करना तथा 1 जून 2026 को केनरा बैंक के पास स्थित एक मकान से 30 हजार रुपये नकद चोरी करना भी स्वीकार किया। इन मामलों में भी पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
वारदात का तरीका
पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में शहर में घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे। स्थान तय होने के बाद अपने अन्य साथियों को बुलाकर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पहचान छिपाने के लिए आरोपी शर्ट या बनियान से चेहरा ढक लेते थे और सुनसान गलियों से होकर मौके तक पहुंचते थे ताकि सीसीटीवी कैमरों से बच सकें।
गिरफ्तार आरोपी
- राजा पिता ज्ञानसिंह पारदी (34), निवासी नीमच।
- सोनी पिता ज्ञानसिंह पारदी (38), निवासी नीमच।
- गजेन्द्र पिता बिरजु पारदी (50), निवासी नीलगंगा, उज्जैन।
फरार आरोपी
- कार्तिक पारदी, निवासी नीलगंगा, उज्जैन।
- सूरज पारदी, निवासी मुरादपुरा, जिला गुना।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश और शेष चोरी गए माल की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।