![]() ![]() ![]() ![]()
|
नीमच। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 91 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स, 5 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित करीब 10 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नीमच-मंदसौर रोड स्थित ग्राम हिंगोरिया में दरगाह के सामने नाकाबंदी की गई। इस दौरान काले रंग की बिना नंबर की होंडा मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में आरोपी राजा पिता अब्दुल रहीम कोड़ा, उम्र 24 वर्ष, निवासी मुल्तानपुरा, थाना वायडी नगर, जिला मंदसौर के कब्जे से सफेद प्लास्टिक की थैली में 91 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। वहीं मोटरसाइकिल पर बंधे हरे रंग के प्लास्टिक कट्टे से 5 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22, 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपी ने एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा समीर पिता रफीक शाह निवासी मुल्तानपुरा, जिला मंदसौर से लाना बताया, जिसके बाद समीर को प्रकरण में सहआरोपी बनाया गया है। समीर फिलहाल फरार बताया गया है। जब्त सामग्री - 91 ग्राम एमडी ड्रग्स — कीमत लगभग 9 लाख रुपये - 5 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा — कीमत लगभग 75 हजार रुपये - बिना नंबर की मोटरसाइकिल — कीमत लगभग 70 हजार रुपये - मोबाइल फोन — कीमत लगभग 5 हजार रुपये - कुल कीमत — लगभग 10 लाख 50 हजार रुपये 5000 रुपये का इनामी आरोपी: पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजा थाना जावद, जिला नीमच के अपराध क्रमांक 122/2025 में धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत फरार चल रहा था और उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया, थाना पुलिस टीम एवं साइबर सेल नीमच का सराहनीय योगदान रहा। |