|
63 आवेदनों का मौके पर निराकरण 7 हितग्राहियों को मिले आयुष्मान कार्ड आगर मालवा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में प्रदेशव्यापी जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा ब्लॉक की क्लस्टर ग्राम पंचायत हिरणखेड़ी में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उज्जैन रेंज के आईजी/एडीजीपी श्री राकेश कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने की। मंच पर पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी, पूर्व विधायक श्री फूलसिंह वैदिया, जनपद अध्यक्ष श्री मुकेश, उपाध्यक्ष श्री ईश्वर सिंह यादव, श्री भैरू सिंह चौहान, स्थानीय सरपंच श्री पवन पाटीदार, पूर्व सरपंच श्री दरबार सिंह एवं श्री भंवर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पंचायत पदाधिकारी मंचासीन थे। 63 आवेदनों का मौके पर निराकरण - शिविर में ग्रामीणों से कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही निराकरण कर मंच से अवगत कराया गया। इनमें पंचायत विभाग के 10, विद्युत के 9, राजस्व विभाग के 22, जल संसाधन के 7, शिक्षा विभाग के 3, महिला एवं बाल विकास तथा पुलिस विभाग के 2-2, वित्त, वन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, खाद्य विभाग एवं आधार पंजीयन से संबंधित 1-1 आवेदन शामिल हैं। आयुष्मान कार्ड वितरित - शिविर में आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र हितग्राहियों के नवीन कार्ड बनाए गए एवं अतिथियों द्वारा 7 हितग्राहियों को नवीन आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। राहवीर योजना की दी जानकारी - शिविर में पुलिस विभाग द्वारा राहवीर योजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि अब सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले व्यक्ति राहवीर कहलाएंगे, उन्हें शासन की ओर से 25,000 रुपये का पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा। इस योजना के तहत जिले में अब तक 7 प्रकरण स्वीकृत किए गए हैं। राहवीर से किसी भी तरह की पूछताछ नहीं की जाएगी और उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। शिविर को संबोधित करते हुए श्री भैरू सिंह चौहान ने कहा कि जनविश्वास शिविर के माध्यम से शासन-प्रशासन गांव-गांव ग्रामीणों के द्वार पहुंच रहा है। उन्होंने शिविरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। पूर्व विधायक श्री फूल सिंह वैदिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी ने जनविश्वास अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रारंभ में अतिथियों ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सरपंच श्री पवन पाटीदार एवं एसडीएम श्रीमती देवकुंवर सोलंकी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन श्री शैलेंद्र जैन ने किया तथा आभार जनपद सीईओ श्री अहिरवार ने व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री गोविंद सिंह, श्री रामेश्वर तेजरा, श्री नंदकिशोर, श्री पवन वैदिया, अन्य जनप्रतिनिधि, त्रिस्तरीय पंचायतों के पदाधिकारी, पत्रकारगण, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। |