|
नपा के विशेष सम्मेलन में सभी 28 प्रस्ताव पारित नीमच! नगर पालिका परिषद नीमच का विशेष सम्मेलन सोमवार को नपा अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा की अध्यक्षता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया की उपस्थिति में बंगला नंबर 60, पुरानी नगर पालिका स्थित परिषद हाल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में आवासीय एवं व्यावसायिक कॉलोनी के ऐतिहासिक प्रस्ताव के साथ ही सड़कों के कायाकल्प, सीआरपी रोड पर अंडरग्राउंड विद्युत लाइन की सुविधा प्रदान सहित करोड़ों रुपए के विकास कार्यों से संबंधित सभी 28 प्रस्ताव पर पार्षदगणों ने सर्वसम्मति से स्वीकृती की मोहर लगाई। सम्मेलन के एजेंडे में शामिल सभी 28 प्रस्ताव सर्वसम्मती से पारित होने के बाद नपा अध्यक्ष श्रीमति चोपड़ा ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि आज के सम्मेलन में नागरिकों की आवास एवं व्यवसाय संबंधी समस्या के निदान के लिए आवासीय एवं व्यवसायिक कॉलोनी, बड़े शहरों की तर्ज पर अंडरग्राउंड विद्युत लाइन, कर्मचारी स्टॉफ क्वार्टर निर्माण, सड़कों के कायाकल्प सहित करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का परिषद की स्वीकृति के बाद रास्ता साफ हो गया है। श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि आवासीय एवं व्यवसायिक कॉलोनी से नगरपालिका को करोड़ों रुपए की आय होगी जो शहर विकास मैं मिल का पत्थर साबित होगी। श्रीमती चोपड़ा ने बताया कि इन प्रस्ताव के अतिरिक्त शहर की प्रमुख सड़कों पर डामरीकरण व सीसी रोड, सोलर ऊर्जा परियोजना स्थापित किए जाने, जाजू सागर बांध पिकनिक स्पॉट एवं पाल पर सीसी रोड व रैंप निर्माण, सेंट्रल स्कूल के पीछे नगर वन विकसित करने, टाउन हॉल का जीर्णोद्धार करने, प्रधानमंत्री आवास पर फायर सेफ्टी सिस्टम लगाने सहित करोड़ों रुपए के विकास कार्य पारित हुए हैं जो शहर विकास मैं नए आयाम स्थापित करेंगे। श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि आज का यह विशेष सम्मेलन शहर विकास की दृष्टि से अत्यधिक महत्वपूर्ण था । एजेंडे में शामिल सभी प्रस्ताव के पारित होने से निश्चित ही नीमच भी बड़े शहरों की तर्ज पर विकास की ओर अग्रसर होगा। |