|
आगर-मालवा : मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर डॉ शेर सिंह मीना के मार्गदर्शन में जिले में "सेवा संकल्प अभियान" आयोजित किया जा रहा है,। इसके तहत 19 सितम्बर से ‘नमो सेवा अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जनजागरूकता हेतु संस्कृति विभाग के माध्यम से श्लोक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान, उज्जैन द्वारा जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेशानुसार नुक्कड़ नाटक का शुभारंभ 19 सितम्बर को जनपद पंचायत आगर के तनोड़िया में प्रातः 11 बजे एवं पिपलोनकलां में दोपहर 12 बजे से होगा। इसी दिन जनपद पंचायत बड़ौद के मदकोटा में दोपहर 2 बजे, बस स्टैण्ड बड़ौद पर 3 बजे तथा बीजानगरी में शाम 5 बजे कार्यक्रम आयोजित होगा। 20 सितम्बर को नगरपालिका आगर में बस स्टैंड, पुराना अस्पताल चौराहा, छावनी नाका एवं झण्डा चौक पर तथा नगर परिषद कानड़ के न्यू बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक होंगे। 21 सितम्बर को जनपद पंचायत नलखेड़ा के पटेल चौराहा, नगर परिषद नलखेड़ा के शिवाजी चौराहा, अंबेडकर चौराहा, थरोला एवं नगर परिषद बडागांव के बस स्टैंड व गांधी चौक पर तथा *22 सितम्बर को जनपद पंचायत सुसनेर के मोडी, डोंगरगांव एवं नगर परिषद सोयतकलां के माधव चौक व छत्री चौक पर कार्यक्रम संपन्न होंगे। उक्त सभी 20 स्थलों पर कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु संबंधित क्षेत्र के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा उनके सहयोग हेतु पीसीओ, सहायक ग्रेड-03, उपयंत्री एवं सामुदायिक संगठन कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित स्थल एवं समय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराना सुनिश्चित करें तथा नुक्कड़ नाटक आयोजन से संबंधित फोटो वीडियो संक्षिप्त कैप्शन के साथ व्यापक प्रचार प्रसार के लिए जिला जनसंपर्क कार्यालय आगर को उपलब्ध करवाए तथा निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करें। |