रतलाम/बांसवाड़ा। रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर गेमन पुल के समीप कार सवार से हुई 1 करोड़ 18 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में राजस्थान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हुए बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान भागने की कोशिश में दो आरोपी गिरकर घायल हो गए। गिरफ्तार आरोपियों में एक ऐसा व्यक्ति भी शामिल है, जो आगामी पंचायत चुनाव में सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर लूटी गई रकम और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन का पता लगाने में जुटी है।
ट्रैक्टर से रोकी कार, हथियारों के दम पर लाखों-करोड़ों की लूट
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे बांसवाड़ा जिले के आम्बापुरा थाना क्षेत्र में लूट की वारदात सामने आई थी। बाहुबली कॉलोनी निवासी विवेक जैन के मुनीम मोहन ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी मुकेश मईडा के साथ डिजायर कार से रतलाम आया था। दोनों मालिक के निर्देश पर दो अलग-अलग पार्टियों से रुपये लेने पहुंचे थे।
रतलाम से नकदी के पार्सल लेकर दोनों बांसवाड़ा के लिए रवाना हुए। रात करीब 8:30 बजे निकले दोनों गेमन पुल के पास माताजी मंदिर के समीप पहुंचे ही थे कि अचानक सामने एक ट्रैक्टर आ गया, जिससे कार रुक गई। इसी दौरान पीछे से बिना नंबर की एक कार आई। उसमें सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने कार के शीशे तोड़ दिए और दोनों को जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद पिछली सीट पर रखे नकदी के पार्सल और मोबाइल फोन लेकर बदमाश बांसवाड़ा की ओर फरार हो गए।
खुफिया तंत्र सक्रिय, नाले में शराब पार्टी के दौरान दबिश
घटना की गंभीरता को देखते हुए आम्बापुरा थाना प्रभारी निर्भय सिंह राणावत ने जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध बदमाश एक सुनसान स्थान पर नाले में शराब पार्टी कर रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर चार आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय डिंडोर, मोहन लाल राणा निवासी भूतिया डुंगरी, कन्हैयालाल और प्रकाश कटारा के रूप में हुई है। भागने के दौरान गिरने से अजय डिंडोर और मोहन लाल राणा को चोटें आईं।
सरपंच चुनाव लड़ने की तैयारी में था अजय डिंडोर
इस मामले में गिरफ्तार अजय डिंडोर को लेकर यह जानकारी भी सामने आई है कि वह भारत आदिवासी पार्टी (BAP) का कार्यकर्ता है और राजस्थान में होने वाले पंचायत चुनाव में सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। हालांकि, पुलिस की ओर से आरोपियों की भूमिका और लूट की पूरी साजिश को लेकर पूछताछ की जा रही है।
मुनीम बोला—18 लाख रुपये हो सकते हैं, मालिक ने बताई 1.18 करोड़ की रकम
लूटी गई राशि को लेकर मामले में महत्वपूर्ण अंतर सामने आया है। मुनीम मोहन ने पुलिस को बताया कि उसे पार्सल में रखी रकम की पूरी जानकारी नहीं थी, लेकिन उसके अनुमान के अनुसार उसमें करीब 18 लाख रुपये हो सकते हैं।
वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के अनुसार, सुरक्षा की दृष्टि से रतलाम के व्यापारियों ने नकदी को पार्सल के रूप में दिया था। विवेक जैन के मालिक के मुताबिक, पार्सल में 1 करोड़ 18 लाख रुपये रखे हुए थे।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, रकम और वाहन की तलाश जारी
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड (PC रिमांड) पर लिया है। अब उनसे पूछताछ कर लूट की रकम की बरामदगी, वारदात में प्रयुक्त वाहनों और घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। करोड़ों की इस लूट ने रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर नकदी के परिवहन की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत