रतलाम /सरवन। रतलाम जिले के सरवन में चोरी और संदिग्ध बदमाशों की गतिविधियों से लोगों में दहशत का माहौल है। रामबाग कॉलोनी में आधी रात को अज्ञात लोगों द्वारा घरों में घुसने का प्रयास करने और विरोध करने पर पथराव करने का मामला सामने आया है। लगातार बढ़ती घटनाओं से परेशान कॉलोनीवासियों ने अब पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। शनिवार को रहवासियों ने सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया को आवेदन सौंपकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की।
आधी रात 2:25 बजे 8 संदिग्धों का धावा, विरोध पर बरसाए पत्थर
कॉलोनीवासियों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, 24 सितंबर 2026 की रात करीब 2:25 बजे लगभग 8 अज्ञात लोग रामबाग कॉलोनी में पहुंचे। आरोप है कि संदिग्धों ने घरों में घुसने का प्रयास किया। इसी दौरान करमचंद मईड़ा को इसकी भनक लग गई और उन्होंने जोर-जोर से आवाज लगाई। इससे घबराए संदिग्धों ने अचानक मकानों की ओर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पत्थरों की आवाज सुनकर घरों के सदस्य जाग गए और अंदर से आवाज लगाई तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पहले लाखों की चोरी, अब पथराव से बढ़ी दहशत
कॉलोनीवासियों ने आवेदन में बताया कि इससे पहले क्षेत्र के निवासी प्रकाश खराड़ी पिता रामलाल खराड़ी के मकान में चोरी की वारदात हो चुकी है। इस मामले में अब तक सुराग नहीं मिलने से लोगों में पहले से ही चिंता बनी हुई थी। अब आधी रात को पथराव और घरों में घुसने के कथित प्रयास ने रहवासियों की चिंता और बढ़ा दी है।
पुलिस से रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग पॉइंट बढ़ाने की मांग
कॉलोनीवासियों ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं से लोग भयभीत हैं। उन्होंने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने, रात के समय नियमित गश्त कराने और पेट्रोलिंग पॉइंट बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।
अब सवाल यह है कि रामबाग कॉलोनी में लगातार सामने आ रही संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस कब प्रभावी कार्रवाई करेगी और रहवासियों को भयमुक्त माहौल कब मिलेगा?
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत