रतलाम/बाजना / रावटी । बाजना रावटी जनपद क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्र उस समय उत्सव के रंग में रंग गए, जब ढोल की थाप के साथ बालक-बालिकाओं ने आदिवासी लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। बच्चों के उत्साह और पारंपरिक नृत्य की लय ने ऐसा माहौल बनाया कि मौजूद जनप्रतिनिधि भी बच्चों के साथ नृत्य में शामिल हो गए। देखते ही देखते आंगनवाड़ी परिसर तालियों और ढोल की गूंज से खिल उठा।
यह आयोजन प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के रूप में किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की खेल गतिविधियां, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, पौधारोपण और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। आयोजन में बच्चों के साथ-साथ महिलाओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुभाष चंद जैन के मार्गदर्शन तथा परियोजना अधिकारी एतेशाम अंसारी के नेतृत्व में आयोजित बाजना के कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नरेंद्र वसुनिया मुख्य अतिथि रहे। पूर्व सांसद प्रतिनिधि रौनक गांधी, कार्यसमिति सदस्य हेमेंद्र डामोर, अनुसूचित जाति मोर्चा मंत्री जगदीश डामोर, मंडल महामंत्री लगजी पारगी, उपसरपंच रौनक सुखवाल, नगर अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, रावटी मंडल संयोजिका रेणुका पोरवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
रंगोली से सजा परिसर, बच्चों को मिले पुरस्कार
कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रंगोली से सजाया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का तिलक लगाकर एवं बैज पहनाकर स्वागत किया। बच्चों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियां कराई गईं। खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
इसी दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में पौधारोपण और जनजागरूकता के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक सहभागिता का संदेश भी दिया गया।
सेवा से जुड़े हाथों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को रेखांकित करते हुए उनका सम्मान किया गया। रावटी मंडल संयोजिका रेणुका पोरवाल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संगीता मईड़ा, पूजा शर्मा, प्रमिला, चुंदर, लक्ष्मी, सोहनबाई और सुमित्राबाई तथा सहायिका दीपिका कंवर, कैलाशी, शकुंतला, धानबाई, हेमलता एवं लीला सहित क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान हुआ। सेक्टर पर्यवेक्षक सुनीता हटोला का कार्यक्रम में विशेष सहयोग रहा।
रावटी और राजापुरा महुड़ी में भी दिखा उत्साह
रावटी क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों पर मंडल अध्यक्ष महेंद्र भट के आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं राजापुरा महुड़ी में मंडल अध्यक्ष मंगल गरवाल एवं सुरेश टाक के आतिथ्य में आयोजन हुआ। पर्यवेक्षक रितु डामर, रजनी मईड़ा, श्यामा निनामा और हबीबुन्निशा पठान की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का संचालन एतेशाम अंसारी ने किया तथा आभार सुनीता हटोला ने माना। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, मातृ स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता और आदिवासी लोकसंस्कृति एक ही मंच पर दिखाई दी।