रतलाम / जावरा। विश्व हिंदू परिषद मालवा प्रांत की योजना के तहत जावरा जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के उद्देश्य से प्रखंड स्तरीय बैठकों का दौर जारी है। इसी क्रम में जावरा जिले के जावरा, ताल और पिपलोदा प्रखंड की बैठकें आयोजित कर संगठन के आगामी कार्यों, अभियानों, प्रशिक्षण वर्गों और धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। वहीं, आगामी दिनों में रिंगनोद, बड़ावदा और आलोट प्रखंड की बैठकें आयोजित करने की योजना बनाई गई ।
विश्व हिंदू परिषद मालवा प्रांत की निर्धारित योजना के अनुसार जावरा जिले के सभी प्रखंडों की बैठकें 22 से 31 अक्टूबर 2026 के बीच आयोजित की जानी हैं। इसके अंतर्गत जावरा प्रखंड की बैठक अकेला हनुमान मंदिर जावरा, ताल प्रखंड की बैठक रामद्वारा ताल तथा पिपलोदा प्रखंड की बैठक हनुमान मंदिर बोरखेड़ा में संपन्न हुई। बैठकों का शुभारंभ राम दरबार एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान मंदसौर विभाग मंत्री अनुपाल सिंह झाला का मार्गदर्शन में हुई ।
बैठकों में संगठन की नियमित गतिविधियों को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मासिक प्रखंड अभ्यास वर्ग, पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा, हितचिंतक अभियान और हितचिंतक सम्मेलन की योजना प्रमुख विषय रहे। इसके साथ ही संगठन के विभिन्न आयामों के कार्यों, जिला स्तर पर पालक व्यवस्था, प्रखंड से खंड स्तर तक पालक नियुक्ति, कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने तथा प्रखंड की वार्षिक कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।
धर्म, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों पर विशेष चर्चा
बैठक में नैतिक शिक्षा, घर वापसी, धर्म प्रसार, गौ सम्मान अभियान तथा विस्तारकों की सूची तैयार करने और उनकी कार्ययोजना बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। आगामी धर्म रक्षा दिवस और शौर्य दिवस के आयोजन की तैयारियों के साथ अशोक सिंघल की 100वीं जयंती तथा संत रविदास की 650वीं जयंती के संदर्भ में कार्यक्रमों की योजना पर भी मंथन हुआ।
इसके अतिरिक्त सत्संग, संस्कारशाला, मिलन केंद्र, शक्ति साधना केंद्र और सेवा प्रकल्पों के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। विभिन्न प्रशिक्षण वर्गों की जानकारी जुटाने, वर्ग कर चुके कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने तथा संगठन की योजनाओं को खंड और ग्राम स्तर तक पहुंचाने की दिशा में भी चर्चा हुई।
जिला पदाधिकारियों सहित प्रखंड, खंड और ग्राम स्तर के कार्यकर्ताओं की भागीदारी
बैठकों में जावरा जिला अध्यक्ष नंदलाल पाटीदार, जिला मंत्री तूफान सिंह यादव, जिला धर्म यात्रा प्रमुख मधुसूदन पाटीदार, सह धर्म प्रसार प्रमुख विनोद पाटीदार, सुरक्षा प्रमुख विकास तथा सह सुरक्षा प्रमुख विनोद पाटीदार उपस्थित रहे।
जावरा प्रखंड अध्यक्ष पूर्णेन्दु जोशी और प्रखंड मंत्री सुनील पाठक, ताल प्रखंड अध्यक्ष पूर सिंह और प्रखंड मंत्री अनिल माली तथा पिपलोदा प्रखंड अध्यक्ष अरविंद पांडे और प्रखंड मंत्री सचिन बोडाना सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के प्रखंड, खंड और ग्राम समिति के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
जिले के शेष प्रखंडों में भी बैठकें आयोजित कर संगठन की आगामी योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके तहत रिंगनोद, बड़ावदा और आलोट प्रखंड की बैठकें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों के माध्यम से संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, कार्यकर्ताओं के दायित्वों का निर्धारण और आगामी अभियानों की तैयारियों को आगे बढ़ाने की योजना है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत