|
चीताखेड़ा। धामनिया से चीताखेड़ा वाया जीरन-मल्हारगढ़ तक 36 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसी बीच चीताखेड़ा गांव की मुख्य सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाने के लिए सड़क के मध्य डिवाइडर निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है। गांव में घनी आबादी और मुख्य सड़क पर बढ़ते यातायात को देखते हुए डिवाइडर निर्माण को आवश्यक बताया जा रहा है। इसी संबंध में शुक्रवार को पंचायत कार्यालय में गांव के प्रबुद्ध युवाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जनसुरक्षा और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़क निर्माण के साथ डिवाइडर का निर्माण भी अनिवार्य रूप से करवाया जाए। युवाओं ने स्पष्ट किया कि बिना डिवाइडर निर्माण के सड़क निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। बैठक में बताया गया कि गांव की मुख्य सड़क पर वाहनों की बढ़ती आवाजाही के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ऐसे में सड़क के मध्य डिवाइडर बनने से दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी, यातायात व्यवस्थित होगा तथा गांव के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। इस मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला कलेक्टर डॉ. हिमांशु चंद्रा, सांसद सुधीर गुप्ता एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, नीमच को हस्ताक्षरयुक्त लिखित ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की जाएगी कि किसी भी उपलब्ध मद अथवा निधि से डिवाइडर निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कर शीघ्र कार्य करवाया जाए। ग्रामीणों का मानना है कि डिवाइडर निर्माण होने से चीताखेड़ा में यातायात व्यवस्था सुरक्षित एवं व्यवस्थित होगी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा और गांव के विकास एवं सौंदर्यीकरण को नई दिशा मिलेगी। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |