|
जुलाई 2026 की परीक्षा में उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफियां प्रदान कर किया सम्मानित नीमच : शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था,जावद में शनिवार को 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय तथा प्रशिक्षण महानिदेशालय के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में क्षेत्रीय विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों एवं संस्था के अधिकारियों की उपस्थिति में जुलाई 2026 की परीक्षा में उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता के लिए किया प्रेरित मुख्य अतिथि विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कौशल को निरंतर निखारने, नए तकनीकी ज्ञान को अपनाने तथा निर्धारित लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विधायक श्री सकलेचा ने सभी ट्रेड में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं उपहार प्रदान करने की घोषणा की। प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफियां प्रदान कीं समारोह में जुलाई 2026 की परीक्षा में उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण विषय पर विशेष प्रस्तुति भी दी गई। इसके माध्यम से महिलाओं को तकनीकी शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण के जरिए रोजगार के अवसरों से जुड़ने तथा आत्मविश्वास के साथ समाज के विकास में भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। जनप्रतिनिधि एवं उद्योगपति रहे उपस्थित कार्यक्रम में नगर परिषद जावद अध्यक्ष श्री सोहन माली, संस्था प्रबंध समिति सदस्य एवं विधायक प्रतिनिधि श्री जयप्रकाश पांडला, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री संजीव शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि श्री सत्यनारायण शर्मा एवं श्री दशरथ राठौड़ तथा उद्योगपति श्री अंकित कमेडिया सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। लखनऊ में होगा राष्ट्रीय स्तर का मुख्य समारोह उल्लेखनीय है कि कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय द्वारा आयोजित 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का मुख्य आयोजन पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं को संबोधित करेंगे तथा 52 अखिल भारतीय टॉपर प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधियों , अधिकारियों, प्रशिक्षण अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह का समापन प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ। |