मन्दसौर। जिले में लेन-देन से जुड़ा एक मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है, जहां भैंस बेचने के बाद शेष राशि नहीं मिलने पर फरियादी ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। गरनाई निवासी राधेश्याम पिता अमरसिंह डांगी (43) ने मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए बकाया राशि दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार राधेश्याम ने करीब चार माह पूर्व रिण्डा निवासी विक्रम नाथ पिता रंगलाल नाथ को 40,200 रुपये में भैंस बेची थी। सौदे के समय मात्र 200 रुपये नगद दिए और शेष 40 हजार रुपये बाद में देने का भरोसा दिलाया। फरियादी के मुताबिक बाद में विक्रम नाथ ने 10-10 हजार रुपये दो किश्तों में फोन-पे के जरिए भुगतान किया, लेकिन अब भी 20 हजार रुपये बकाया हैं।
राधेश्याम का आरोप है कि जब वह अपनी शेष राशि लेने विक्रम नाथ के घर पहुंचा तो वह घर नहीं मिला वहीं जब कई बार फोन पर पैसे को लेकर मांग कि गई तो हर बार टालमटोल किया गया। परेशान होकर फरियादी ने 16 नवम्बर 2025 को थाना अफजलपुर में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी, जिसकी प्राप्ति की सील भी पत्र पर अंकित है। बावजूद इसके अब तक पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
थाना स्तर पर समाधान नहीं मिलने से निराश फरियादी ने 14 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय मन्दसौर में पुनः आवेदन प्रस्तुत किया। मामले में शिकायत शाखा ने आवेदन दर्ज कर लिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस प्रकरण में कितनी तेजी से कार्रवाई कर पीड़ित को राहत दिलाता है।
जानकारी अनुसार अफजलपुर थाना में पुर्व में भी अन्य लोगों ने सौदेबाजी लेन-देन को लेकर आवेदन दिए लेकिन बावजूद पुलिस ने अभी तक उन पर कोई रुचि नहीं दिखाई। जिससे प्रतीत होता है कि पुलिस की निष्क्रियता एवं कार्य प्रणाली से चलते लोगों को भटकने पर मजबूर होना पड़ता है। अब देखने वाली बात यह होगी कि आखिर नवागत थाना प्रभारी पुराने पड़े आवेदन मामले में क्या एक्शन लेते हैं। क्या लोगों को न्याय मिलेगा या ऐसे ही मजबूर होकर भटकना पड़ेगा।