मंदसौर। ग्राम रिछाबच्चा की नई आबादी अंबेडकर नगर में 40 वर्षों से सड़क के अभाव का दर्द अब गुस्से में बदल चुका है। बुधवार को ग्रामीणों ने भीम आर्मी के बैनर तले जिला कलेक्टर कार्यालय पर जोरदार हल्ला बोला और साफ चेतावनी दी—अब सड़क चाहिए, नहीं तो आंदोलन तय है।
भीम आर्मी जिला अध्यक्ष इंजी. राकेश सूर्यवंशी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 1985 से आज तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। हर बार सिर्फ वादे और आश्वासन मिले लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ।
बरसात के दिनों में हालात बद से बदतर हो जाते हैं सड़क की जगह दलदल, गड्ढों और कीचड़ से भरे रास्ते जानलेवा साबित होते हैं। मरीजों को अस्पताल ले जाना किसी चुनौती से कम नहीं, वहीं छात्र-छात्राएं रोज जोखिम उठाकर स्कूल-कॉलेज जाने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बहुजन समाज (SC/ST/OBC) की अधिक आबादी होने के बावजूद प्रशासन ने इस क्षेत्र की वर्षों से अनदेखी की है। अब ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा अगर 15 दिनों में सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो बड़ा जनआंदोलन होगा।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष श्याम सूर्यवंशी, अवधेश जाटव, महेश, विजय कुमार, समरथ, शंभूलाल, उदयराम, भेरूलाल, आशुतोष, हरिओम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और भीम आर्मी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ग्रामीणों का साफ कहना है अब इंतजार नहीं हक चाहिए