रतलाम / धामनोद
रतलाम जिले के धामनोद नगर में 14 व 15 अप्रैल 2026 को हिन्दू संगठन द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में भव्य आयोजन किए गए। संत सिरोमणि श्री सेन जी महाराज एवं भारतरत्न डॉ. भीमराव आम्बेडकर जी की जयंती के उपलक्ष में जहां नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा, वहीं गौसेवा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल भी शुरू की गई।
14 अप्रैल, मंगलवार को संत श्री सेन जी महाराज जयंती पर भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसका नगरवासियों द्वारा पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। संत जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं बाबा साहेब आम्बेडकर जयंती पर श्री मारुती नंदन हनुमान मंदिर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर श्री रामदरबार, भारत माता एवं बाबा साहेब के चित्रों पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन, हनुमान चालीसा पाठ एवं महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।
इसके साथ ही 15 अप्रैल, बुधवार को हिन्दू संगठन धामनोद द्वारा गौमाता की सेवा हेतु संचालित गौरथ (गौरोटी) वाहन के लिए सहयोग जुटाने की पहल की गई। संगठन के कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न प्रतिष्ठानों और दुकानों पर पहुंचकर समर्पण व सहयोग की सहमति प्राप्त की तथा दानपात्र स्थापित किए। इस अभियान का उद्देश्य गौसेवा के लिए जनसहभागिता बढ़ाना है।
सभी कार्यक्रमों में हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समस्त समाजजन की सक्रिय उपस्थिति रही। इन आयोजनों ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सेवा और एकता का संदेश भी मजबूती से प्रसारित किया।
रिपोर्टर - जितेंद्र कुमावत