रतलाम / ताल
रतलाम जिले के ताल नगर में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी कचहरी के नीचे स्थित भोई मोहल्ले में एक ही परिवार में तीन अलग-अलग बारातों का आगमन हुआ था। खुशियों के इस माहौल में उस वक्त तनाव फैल गया, जब मंदसौर से आए डीजे ऑपरेटर द्वारा माइक पर कथित रूप से अपशब्द कहे जाने लगे। इस पर स्थानीय लोगों और अन्य बारातियों ने आपत्ति जताई।
विवाद बढ़ने पर डीजे ऑपरेटर माखन निवासी मंदसौर ने ताल के 22 वर्षीय युवक दिलीप पिता प्रकाश माली के साथ झगड़ा कर लिया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिलीप को तुरंत रतलाम ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना में विनोद भोई और समरथ भोई सहित अन्य युवकों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने डीजे सिस्टम को जब्त कर लिया है और अब तक दो आरोपियों को राउंडअप कर लिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिजन और समाजजन न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं, एहतियातन पुलिस क्षेत्र में सतर्कता बरतते हुए स्थिति पर नजर बनाए हुए है। एक छोटी सी बात पर हुई इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
Crime reporter Jitendra Kumawat