|
|
टामोटी/नीमच : जिले के जनजाति बाहुल्य क्षेत्र टामोटी में प्रशासनिक सक्रियता का अनोखा उदाहरण देखने को मिला, जब कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने रात्रि चौपाल के बाद गांव में ही रात्रि विश्राम कर अगली सुबह जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कार्यों का जमीनी निरीक्षण किया। छात्रावास भवन में अधिकारियों के साथ रात्रि विश्राम के बाद कलेक्टर ने बुधवार सुबह गांव-गांव पहुंचकर जल संरचनाओं के निर्माण कार्यों का मौके पर जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्राम शिवपुरिया में संवाद, जनभागीदारी पर जोर कलेक्टर श्री चंद्रा ने ग्राम शिवपुरिया पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि गांवों में जल संरक्षण के स्थायी समाधान विकसित हो सकें। अरावली गौशाला में की गौ-सेवा, बछड़ों को किया दुलार सुबह कलेक्टर टामोटी के समीप स्थित अरावली गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों को अपने हाथों से चारा और गो-ग्रास खिलाया। गौशाला में पशुओं की देखभाल, चारा, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने बछड़ों को गोद में उठाकर स्नेहपूर्वक दुलार भी किया। गौशाला समिति के सदस्यों ने कलेक्टर का दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। अधिकारी भी रहे मौजूद इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम सुश्री किरण आंजना सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों के बीच रुककर, जमीनी हकीकत समझते हुए और सेवा भाव के साथ कार्य करने की यह पहल प्रशासनिक कार्यशैली का प्रेरक उदाहरण बन रही है। |