|
|
भीलवाड़ा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी आश्रम में महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सान्निध्य में आयोजित सप्त दिवसीय 11 कुंडीय श्री विष्णु-लक्ष्मी महायज्ञ के चौथे दिन गुरुवार को श्रद्धालुओं ने यज्ञ वेदियों में आहुतियां देकर सुख, समृद्धि और सर्वकल्याण की कामना की। महायज्ञ में प्रतिदिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। श्री शारदा सनातन परमार्थ न्यास के वेदाचार्य पंडित मुकेश शास्त्री के निर्देशन में यज्ञ अनुष्ठान संपन्न हुए। यजमानों के साथ लक्ष्मी स्वरूपा कन्याओं ने भी आहुति देकर विश्व कल्याण की प्रार्थना की। यज्ञाचार्य के अनुसार पवित्रीकरण, पंचगव्य प्राशन, देव पूजन एवं गौमाता के पंचामृत स्नान के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन किया गया। महायज्ञ के साथ-साथ श्री राधा रासेश्वरी रासलीला मंडल, वृंदावनधाम मथुरा द्वारा प्रस्तुत रासलीला भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बुधवार रात आयोजित कृष्ण बाल लीला प्रसंग में भगवान श्रीकृष्ण की माखन चोरी, गोपियों की शिकायत और यशोदा मैया के प्रसंगों का जीवंत मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंडल के दामोदरदास काठियाबाबा के निर्देशन में 16 कलाकारों ने प्रस्तुति दी। विशेष बात यह रही कि यशोदा, राधा और गोपियों जैसे महिला पात्रों की भूमिका भी पुरुष कलाकारों ने निभाई। रासलीला प्रारंभ होने से पूर्व अतिथियों ने ठाकुरजी की आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महायज्ञ 14 जून तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा रासलीला प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से आयोजित की जा रही है। |