|
|
विधायक, कलेक्टर और नपाध्यक्ष ने हितग्राहियों को वितरित किए लाभ पत्र नीमच । जिला प्रशासन द्वारा अंगीकार-2026 अभियान के अंतर्गत गुरुवार को नगर पालिका कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय प्रधानमंत्री आवास मेला एवं स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना था। कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, जिला परियोजना अधिकारी चंद्रसिंह धारवे, एसडीएम पराग जैन, सांसद प्रतिनिधि आदित्य मालू, सीएमओ दुर्गा बामनिया, नगर पालिका उपाध्यक्ष रंजना करण सिंह परमाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र नागरिकों से इनका लाभ लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिथियों ने नगर पालिका परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा 15 से अधिक योजनाओं संबंधी स्टॉल लगाए गए थे, जिनका अवलोकन अतिथियों ने किया तथा हितग्राहियों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि जनकल्याण महोत्सव का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाकर जनकल्याण की भावना को साकार करना है। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने कहा कि ऐसे शिविरों से हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान भी संभव हो पाता है। भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने भी विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में लीड बैंक मैनेजर शेखर ने बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी, जबकि फाइनेंसर लीगल काउंसलर विजय कुमार चतर ने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए। नगर पालिका की एनयूएलएम शाखा के सिटी मिशन मैनेजर प्रवीण आर्य ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। विभिन्न योजनाओं की लगीं स्टॉल शिविर में आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, स्वनिधि क्रेडिट कार्ड, संबल कार्ड, कर्मकार कल्याण निधि, विभिन्न पेंशन योजनाएं, राशन कार्ड, समग्र आईडी, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, फार्मर आईडी सहित उद्यानिकी विभाग तथा विभिन्न बैंकों की योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। हितग्राहियों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के पांच हितग्राहियों को व्यवसाय हेतु ऋण स्वीकृति पत्र तथा एक हितग्राही को क्रेडिट कार्ड प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तीन हितग्राहियों को मकान निर्माण सहायता राशि के स्वीकृति पत्र और एक हितग्राही को श्रम योगी मानधन योजना का कार्ड वितरित किया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार अजेंद्र नाथ प्रजापति, पार्षदगण, नगर पालिका अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विभिन्न योजनाओं के हितग्राही उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश पप्पू मंगल ने किया तथा आभार प्रदर्शन एसडीएम पराग जैन ने किया। |