|
|
मंदसौर। थाना पिपलियामंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये मूल्य की एमडी ड्रग, डोडाचूरा तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी मल्हारगढ़ कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पिपलियामंडी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में की गई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काचरिया फटाका मार्केट की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति संदिग्ध मादक पदार्थ लेकर पिपलियामंडी की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल क्रमांक MP14ZK0628 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 400 ग्राम एमडी ड्रग, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये, तथा 10.500 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये, बरामद किया गया। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त करीब 80 हजार रुपये मूल्य की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम महफुज पिता शफी मोहम्मद पिंजारा (19 वर्ष) निवासी खजुरी रुंडा थाना गरोठ तथा वसीम पिता खाजु मंसूरी (20 वर्ष) निवासी सगोरिया थाना शामगढ़, जिला मंदसौर बताया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 175/2026 के तहत धारा 8/15 एवं 22 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और इनके स्रोतों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है, जिससे इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पिपलियामंडी पुलिस की यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहैगी। |