|
|
नीमच : पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस (26 जून 2026) के अवसर पर प्रदेशभर में 17 जून से 26 जून 2026 तक सात दिवसीय विशेष अभियान नशामुक्त भारत सप्ताह संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला नीमच में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के दूसरे दिन 18 जून 2026 को थाना नीमच कैंट क्षेत्र के शासकीय विद्यालय क्रमांक-02 में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। वहीं थाना बघाना, रतनगढ़, सिंगोली, कुकड़ेश्वर एवं रामपुरा क्षेत्र में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया तथा नशा न करने की शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त थाना मनासा क्षेत्र के कस्बा मनासा तथा थाना नीमच सिटी क्षेत्र स्थित स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज में मानव श्रृंखला बनाकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों और आमजन को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रमों में उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने एवं समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प भी दिलाया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों ने भागीदारी निभाई। जिला पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के नेतृत्व में अभियान की अवधि तक प्रतिदिन विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर स्कूली छात्रों एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। |