रतलाम। नई शिक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने और विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में स्कूल शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा 20 जून 2026, शनिवार को जिले सहित प्रदेश की सभी शासकीय शालाओं में मेगा अपार आईडी दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत अधिक से अधिक विद्यार्थियों की अपार आईडी (Automated Permanent Academic Account Registry - APAR ID) तैयार की जाएगी, जिससे उन्हें एक स्थायी डिजिटल शैक्षणिक पहचान प्राप्त होगी।
शिक्षा विभाग के अनुसार अपार आईडी विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल दस्तावेज के रूप में कार्य करेगी, जिसमें उनके शैक्षणिक रिकॉर्ड, उपलब्धियां, प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक जानकारियां सुरक्षित रूप से संग्रहीत रहेंगी। इससे भविष्य में विद्यालय परिवर्तन, उच्च शिक्षा में प्रवेश, छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ लेने तथा विभिन्न शैक्षणिक प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
राज्य शासन द्वारा सभी जिला शिक्षा केंद्रों और जनपद शिक्षा केंद्रों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जनपद शिक्षा केंद्र रतलाम द्वारा जिले के सभी शासकीय विद्यालयों को अधिकतम विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों और अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा, ताकि कोई भी विद्यार्थी इस महत्वपूर्ण पहल से वंचित न रहे।
अपार आईडी के प्रमुख लाभ
प्रत्येक विद्यार्थी को मिलेगी एक स्थायी एवं एकीकृत डिजिटल पहचान।
शैक्षणिक रिकॉर्ड का सुरक्षित और व्यवस्थित डिजिटल संग्रहण।
विद्यालय परिवर्तन एवं प्रवेश प्रक्रिया होगी आसान।
छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में मिलेगी सुविधा।
डिजिटल शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा नया आयाम।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शिक्षकों पालकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे 20 जून को आयोजित मेगा अपार आईडी दिवस में सक्रिय सहभागिता करें और इस अभियान को सफल बनाकर डिजिटल शिक्षा की दिशा में प्रदेश के प्रयासों को मजबूत करें। माना जा रहा है कि इस अभियान के माध्यम से जिले के हजारों विद्यार्थियों को एक सशक्त डिजिटल शैक्षणिक पहचान उपलब्ध हो सकेगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत