ताल (रतलाम)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ताल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 166.15 किलोग्राम डोडाचूरा और एक सफेद रंग की बिना नंबर की बोलेरो पिकअप वाहन जब्त की है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। हालांकि वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमों को लगाया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्रीमती पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में की गई।
वाहन चेकिंग के दौरान मिली सफलता
जानकारी के अनुसार, 18 जून 2026 को ताल फंटा पर थाना ताल पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की बिना नंबर की बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक ने बैरिकेड्स के किनारे से वाहन को सड़क से नीचे उतारते हुए तेज गति से आलोट की ओर भाग गया।
पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया। इस दौरान चालक वाहन को काजाखेड़ी के कच्चे रास्ते से होते हुए आलोट रोड स्थित ग्राम भूतिया के पास छोड़कर रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
10 प्लास्टिक के बोरों में मिला डोडाचूरा
पुलिस ने मौके पर वाहन की तलाशी ली, जिसमें काले रंग के प्लास्टिक के 10 बोरों में भरा 166.15 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
इन अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी ताल निरीक्षक स्वराज डाची के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक पंकज भम्भोरिया, आरक्षक शुभम सिंह चौहान (आर.328), सांवरिया पाटीदार (आर.327), विक्रम चौधरी (आर.582) तथा भूपेन्द्र डिण्डोर (आर.1067) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के नेतृत्व में जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। ताल पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मच गया है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत