|
|
मंदसौर। नारायणगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर के टायरों में छिपाकर ले जाई जा रही अफीम और डोडाचूरा की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.5 किलोग्राम अवैध अफीम, 30 किलोग्राम डोडाचूरा तथा दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। जब्त सामग्री और वाहनों की कुल कीमत करीब 16.35 लाख रुपये आंकी गई है। मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में बुढ़ा चौकी प्रभारी विकास गेहलोत ने मुखबिर की सूचना पर झार्डा-भंवरासा रोड स्थित बोरखेड़ी फंटा यात्री प्रतीक्षालय के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका। तलाशी के दौरान पुलिस ने ट्रॉली में रखे मैसी 1035 डीआई ट्रैक्टर के टायरों में बेहद शातिर तरीके से मादक पदार्थ छिपाकर रखा हुआ पाया। चौंकाने वाली बात यह थी कि दाहिने पिछले टायर के अंदर से 30 किलो डोडाचूरा और बाएं आगे के टायर के भीतर से 5.5 किलो अफीम बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पिता बोहराराम जाट 26 वर्ष एवं प्रधान पिता सेवाराम जाट 27 वर्ष निवासी ग्राम बड़लिया, थाना झंवर, जिला जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 202/26 के तहत धारा 8/18,15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां होना थी। मामले में तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी विकास जाट के खिलाफ पहले भी मल्हारगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। नारायणगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। |