|
|
आगर मालवा : VHSND दिवस के अवसर पर संभागायुक्त उज्जैन श्री आशीष सिंह ने आगर जिले के प्रवास के दौरान मंगलवार को ग्राम आवर पहुंचकर आयोजित स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस शिविर का आकस्मिक निरीक्षण किया। संभागायुक्त श्री सिंह ने शिविर में उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, प्रसव पूर्व पंजीयन, जांच एवं टीकाकरण की जानकारी ली। साथ ही बच्चों के टीकाकरण कार्डों का भी अवलोकन किया। संभागायुक्त ने ग्राम की कुल आबादी, गर्भवती महिलाओं की संख्या एवं HRPW - उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, जांच, टीकाकरण एवं प्रबंधन की स्थिति के संबंध में चिकित्सकों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं एवं सीएचओ द्वारा संधारित की जा रही गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व पंजीयन एवं जांच पंजी एवं उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं के प्रबंधन संबंधी अभिलेखों का अवलोकन किया। इस अवसर पर संभागायुक्त श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मातृ एवं शिशु कल्याण कार्यक्रम का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान कर समुचित उपचार एवं प्रबंधन किया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, सीईओ जिला पंचायत श्री बी.एस. सोलंकी, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. दीपक पीपल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश दहलावर, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री राजीव गुप्ता तथा जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री जगदीश मालवीय उपस्थित थे। |