|
|
नीमच में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित नीमच । अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी आयोजित हुआ। शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने जिलेभर से आए फरियादियों एवं आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान लगभग 48 आवेदकों ने एसपी के समक्ष अपनी शिकायतें एवं समस्याएं प्रस्तुत कीं। एसपी श्री व्यास ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर के दौरान लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 18 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराया गया तथा शिकायतों को बंद करवाया गया। एसपी श्री व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान किया जाए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित मामले, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। उन्होंने थाना क्षेत्रों में भी समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी जावद श्री हर्ष राठौर, एसडीओपी मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा श्रीमती निकीता सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी सुश्री दिव्या चन्द्रवंशी सहित जिले के विभिन्न थाना प्रभारी, संबंधित शाखाओं के प्रभारी तथा फरियादी एवं आवेदक उपस्थित रहे। |