रतलाम। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला रतलाम द्वारा आयोजित भव्य तिरंगा वाहन रैली का समापन राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत मंचीय कार्यक्रम के साथ हुआ। रैली में रतलाम जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के 25 मंडलों से बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ता तिरंगा लेकर शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से शहर का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम टेलर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक युवा को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से देश की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री अनुकूल सोनी ने मंचासीन अतिथियों का तिरंगा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने स्वागत भाषण में रतलाम जिले की पांचों विधानसभा के 25 मंडलों से पहुंचे युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं एवं अतिथियों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय ने युवाओं से तिरंगे की गरिमा बनाए रखने की विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि रैली के बाद उपलब्ध कराए गए तिरंगे को किसी भी स्थिति में अपमानित न होने दें और 15 अगस्त को अपने घर पर सम्मानपूर्वक सबसे ऊंची जगह पर तिरंगा फहराएं। उन्होंने राष्ट्रध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को रतलाम महापौर श्री प्रहलाद पटेल एवं भाजयुमो प्रदेश महामंत्री श्री विप्लव जैन ने भी संबोधित किया। दोनों वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रहित और संगठन के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
इस दौरान आर.डी.ए. अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, उपाध्यक्ष श्री गोविंद काकानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री बजरंग पुरोहित, श्री शैलेन्द्र डागा, जिला महामंत्री श्री जयवंत कोठारी, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री संदीप यादव, सैलाना की पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, अजजा मोर्चा प्रदेश महामंत्री श्री दिलीप मकवाना एवं अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री गोविंद डामोर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत