रतलाम / सैलाना। हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विकासखंड सैलाना के ग्राम कोटड़ा में हरियाली यात्रा एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। नवांकुर संस्था भागीरथ रूरल अवेयरनेस थिंकर्स फाउंडेशन से जुड़ी नवांकुर सखियों ने हरियाली यात्रा निकालकर पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सहभागिता का जोरदार संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। विकासखंड समन्वयक रतनलाल जी चरपोटा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए नवांकुर सखी अभियान की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान महिलाओं को सशक्त बनाने के साथ उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जन अभियान परिषद, प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में संभाग समन्वयक शिवप्रसाद जी मालवीय ने नवांकुर सखियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाएं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नवांकुर सखियों को स्वावलंबन एवं आजीविका आधारित योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आह्वान किया कि नवांकुर सखियां केवल अभियान की सहभागी न बनें, बल्कि समाज परिवर्तन की मजबूत वाहक बनें।
हरियाली अमावस्या के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। नवांकुर संस्था द्वारा सखियों को वितरित किए गए बीज एवं पौधों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इसी दौरान ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कोटड़ा द्वारा विद्यालय से तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। विद्यार्थियों, समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रप्रेम, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती कलावती जी निनामा ने उपस्थित जनों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया।
सहायक सचिव प्रदीप सिंह जी राठौर ने ग्रामीणों से शासन के विभिन्न अभियानों से जुड़कर उन्हें सफल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन हरीश सिलावट ने किया तथा आभार परामर्शदाता योगेश जी तंवर ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर नवांकुर संस्था की अध्यक्ष प्रियंका जी शर्मा, सरवन नवांकुर संस्था के विक्रम जी शर्मा, परामर्शदाता पवन जी पारगी, पीरुलाल जी मईडा, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कोटड़ा के अध्यक्ष अर्जुन जी राणा, सचिव सुनील जी मईडा, दिनेश जी मईडा, सुनीता जी मईडा, कोमलराम जी राणा, देवेन्द्र जी राणा, विद्यालय शिक्षक, नवांकुर सखियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
हरियाली यात्रा ने ग्राम कोटड़ा में यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है, जिसमें महिलाओं और ग्रामीण समाज की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत