रतलाम / सैलाना। माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर सैलाना में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) प्रशिक्षण के द्वितीय चरण का चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संचालित हो रहा है। प्रशिक्षण के दौरान जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पिपलोदा के प्राचार्य श्री लक्ष्मण सिंह मईड़ा ने प्रशिक्षण स्थल का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ सेवानिवृत्त प्रवाचक श्री अविनाश तारे एवं बीआरसीसी श्री नरेंद्र कुमार पासी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
FLN प्रशिक्षण के द्वितीय चरण में कुल 117 शिक्षक-शिक्षिकाएं सहभागिता कर रहे हैं। प्रशिक्षण के लिए तीन अलग-अलग कक्षों में व्यवस्थित व्यवस्था की गई है, जहां शिक्षकों को प्राथमिक कक्षाओं में बच्चों की बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न गतिविधि आधारित शिक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान डाइट प्राचार्य लक्ष्मण सिंह मईड़ा ने तीनों प्रशिक्षण कक्षों का भ्रमण कर प्रशिक्षण की प्रक्रिया, शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) के उपयोग, गतिविधियों की प्रस्तुति तथा शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों से सीधे संवाद करते हुए प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी और गतिविधियों के संबंध में चर्चा की।
प्राचार्य मईड़ा ने कहा कि FLN का मूल उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर प्रत्येक बच्चे की बुनियादी भाषा, पढ़ने-लिखने और गणितीय समझ को मजबूत करना है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी जा रही गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियों, नवाचारों एवं टीएलएम का उपयोग विद्यालयों में नियमित रूप से किया जाए। बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तक तक सीमित न रखते हुए खेल, गतिविधि और अनुभव के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराने पर उन्होंने विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण तभी सार्थक होगा, जब उसका प्रत्यक्ष लाभ कक्षा-कक्ष में बच्चों को मिले और प्रत्येक विद्यार्थी अपनी बुनियादी दक्षताओं को सहज एवं आनंददायक तरीके से हासिल कर सके।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रवाचक श्री अविनाश तारे एवं बीआरसीसी श्री नरेंद्र कुमार पासी ने भी प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों से संवाद करते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, सरल एवं रोचक बनाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्रशिक्षण का सुव्यवस्थित संचालन प्रशिक्षण प्रभारी श्री अतुल विलियम एवं सहायक प्रशिक्षण प्रभारी श्री मुस्तकीम सिद्दीकी द्वारा किया जा रहा है। प्रशिक्षण स्थल पर तीनों कक्षों में शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, प्रशिक्षण सामग्री एवं अन्य व्यवस्थाओं का बेहतर समन्वय देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान डाइट प्राचार्य एवं निरीक्षण दल ने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं तथा संचालन पर संतोष व्यक्त किया।
प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को इस बात के लिए तैयार किया जा रहा है कि वे विद्यालयों में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा की नींव को और मजबूत बनाएं। FLN अभियान के तहत शिक्षक जितनी प्रभावी गतिविधियों को कक्षा-कक्ष में लागू करेंगे, उतना ही बच्चों में सीखने के प्रति उत्साह और बुनियादी दक्षताओं का विकास सुनिश्चित हो सकेगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत