रतलाम / पिपलोदा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्व हृदय दिवस के अवसर पर पीएम श्री एकीकृत शासकीय हाई स्कूल नांदलेटा में 29 एवं 30 सितंबर 2026 को दो दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलोदा के सहयोग से आयोजित शिविर में स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की विभिन्न स्तरों पर जांच की गई। शिविर का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के साथ संभावित स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करना रहा।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर शाला परिवार की ओर से स्वास्थ्य दल का पीएम श्री थीम के अनुरूप स्वागत किया गया। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. पवन पाटीदार एवं शाला प्राचार्य विट्ठल लाल बुज ने मां सरस्वती के चित्र पर पूजन-अर्चन कर शिविर का शुभारंभ किया।
दो दिवसीय शिविर में कुल 126 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बच्चों की हृदय जांच के साथ ओरल स्क्रीनिंग, एलएफटी, आरएफटी, हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, ऊंचाई, वजन एवं सीबीसी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। इस दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी ली तथा जांच प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया।
स्वास्थ्य परीक्षण दल में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. पवन पाटीदार, डॉ. प्रीतम कटारा, डॉ. नेहा पाटीदार, डॉ. सोफिया सैय्यद, लैब टेक्नीशियन संदीप बोस मालवीय, एएनएम भानुमति चौहान, उमंग काउंसलर सोनल बघेल सहित आशा कार्यकर्ता शामिल रहीं।
शिविर के सफल आयोजन में शाला परिवार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। राघवेंद्र शर्मा, अमरू लाल बोस, राजेंद्र सिंह आर्य, घनश्याम गायरी, राकेश चितावले, प्रभुलाल ढाबी, राकेश गुप्ता, दिशलेशा बघवा, कनिष्का मालवीय, इशरत जहां, राहुल निनामा एवं पुरुषोत्तम धाकड़ ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
शिविर के समापन अवसर पर पीएम श्री एकीकृत शासकीय हाई स्कूल नांदलेटा की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण दल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
विश्व हृदय दिवस के अवसर पर आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। विद्यालय स्तर पर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी और आवश्यकतानुसार समय पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत