|
|
नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में 15 एवं 16 मई 2026 को यातायात पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुर्जर एवं यातायात टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ट्रेवल्स बस क्रमांक MP13 ZE 25630 को रोका। जांच में बस की छत पर भारी मात्रा में लगेज भरा मिला। यातायात पुलिस ने बस को जब्त कर नियमानुसार चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूल किया। इसके अलावा शहर में ब्लैक फिल्म लगे चार पहिया वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर काली फिल्म हटवाई गई तथा संबंधित वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर उनके परिजनों को थाने बुलाकर सख्त हिदायत दी गई कि बच्चों को वाहन न चलाने दें। विशेष अभियान के दौरान कुल 109 चालान बनाकर करीब 57 हजार रुपए समन शुल्क वसूल किया गया। यातायात पुलिस की अपील यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चार पहिया वाहनों में काली फिल्म का उपयोग न करें, यात्री बसों में लगेज परिवहन न करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें। साथ ही यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। |