|
|
चीताखेड़ा। माली मोहल्ले में स्थित अतिप्राचीन आशुतोष भगवान शिव मंदिर प्रांगण में सृष्टि के पालनहार भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन कथा मर्मज्ञ पंडित कुलदीप शर्मा (बांगरेड़ वाले) के श्रीमुख से संगीतमय साप्ताहिक श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के माध्यम से किया जाएगा। धर्म एवं ज्ञान की यह पावन गंगा शुक्रवार से प्रवाहित होगी। सामाजिक कार्यकर्ता एवं मुख्य यजमान घीसालाल पारोलिया माली ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि श्री सांवलिया सेठ के सानिध्य, बालाजी एवं कुलदेवता की कृपा तथा समस्त माली समाज के सहयोग से सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, देश में अमन-चैन, परिवार में सुख-समृद्धि एवं प्राकृतिक आपदाओं से बचाव की कामना को लेकर यह आयोजन किया जा रहा है। साथ ही नूतन गृह प्रवेश एवं भगवान श्री राधा-कृष्ण की प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव भी संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि शनिवार, 13 जून 2026 को प्रातः 8 बजे बजरंग मंदिर से भव्य पोथी एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ निकलने वाली यह यात्रा शेख मोहल्ला, बस स्टैंड, जैन गली, नीम चौक और माणक चौक होते हुए चारभुजानाथ मंदिर पहुंचेगी। वहां भगवान श्रीकृष्ण को वागा-वस्त्र अर्पित करने के बाद यात्रा कथा स्थल पहुंचेगी। माली मोहल्ले स्थित शिव मंदिर प्रांगण में प्रतिदिन प्रातः 11:30 बजे से शाम 3:30 बजे तक श्रीमद्भागवत ज्ञान गंगा का प्रवाह होगा। कथा वाचन पंडित कुलदीप शर्मा (बांगरेड़ वाले) द्वारा किया जाएगा। सत्यनारायण माली, भरत माली एवं सुरेश माली ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत ज्ञान सरिता का लाभ लेने तथा अपने जीवन को धर्ममय बनाने का आग्रह किया है। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |