सैलाना (रतलाम) : विकासखंड सैलाना में जन कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लोक कल्याण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत विकासखंड सह समन्वयक (साक्षरता) डॉ. रविन्द्र उपाध्याय ने विशेष रूप से उपस्थित हितग्राहियों महिला समूह की दीदियों और स्थानीय नागरिकों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने साक्षरता को न केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम बताया बल्कि परिवार समाज और राष्ट्र निर्माण का मजबूत आधार भी करार दिया।
डॉ. रविन्द्र उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन के अनुरूप चलाया जा रहा एक क्रांतिकारी अभियान है। इस कार्यक्रम के माध्यम से उन वयस्कों को साक्षर बनाया जा रहा है जो शिक्षा से वंचित रह गए। उन्होंने शिविर में आए हितग्राहियों को प्रेरित करते हुए बताया कि साक्षरता से न केवल रोजगार के नए अवसर खुलते हैं बल्कि बैंकिंग स्वास्थ्य सरकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं का लाभ लेना भी आसान हो जाता है। उन्होंने सभी को योजना में पंजीकरण कर लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी बाई चारेल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही सशक्तिकरण का सबसे बड़ा हथियार है। महिलाओं और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में साक्षरता कार्यक्रम बेहद उपयोगी साबित हो रहा है।
तहसीलदार श्री कुलभूषण शर्मा ने प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का पूर्ण लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।
सीईओ जनपद पंचायत रिया गेरा जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक लोढ़ा बीआरसी नरेंद्र पासी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी दडिंग ने भी अपने-अपने संबोधन में योजना में पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों और समन्वयकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम केवल साक्षरता तक सीमित नहीं है बल्कि समग्र सामाजिक परिवर्तन का माध्यम है।
शिविर में बीएसी अतुल विलियम संकुल समन्वयक श्रीमती उपासना जैन नरेंद्र जाट मुस्तकीम सिद्दीकी राजेश अवस्थी डॉ. अंजुम खान सुनीता नरवरिया पंकज दोहरे पंकज कुशवाह ज्ञानचंद मेहता परमेश्वर पडियार रमेश परिहार पंकज दोहरे प्रेमसिंग दडोदिया सत्यनारायण टेलर सुनीता गहलोत कांता अटरिया सहित जन शिक्षक कर्मचारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कई महिलाओं ने तुरंत पंजीकरण के लिए इच्छा जताई। डॉ. रविन्द्र उपाध्याय ने सभी उपस्थित जन शिक्षकों का आभार व्यक्त किया और उन्हें आगे भी इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया।
यह लोक कल्याण शिविर साक्षर भारत सशक्त भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास साबित हुआ। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से सैलाना विकासखंड में साक्षरता दर बढ़ाने और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है। स्थानीय प्रशासन शिक्षा विभाग और समुदाय के संयुक्त प्रयास से यह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत