रतलाम
रतलाम शहर में लंबे समय से अवैध सट्टा गतिविधियों में संलिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ माणकचौक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई करते हुए अवैध सट्टा संचालन पर करारा प्रहार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी लंबे समय से सट्टे के कारोबार में सक्रिय थे और संगठित रूप से इस अवैध गतिविधि का संचालन कर रहे थे। इसी को देखते हुए आरोपियों के विरुद्ध सामान्य कार्रवाई के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 का भी इजाफा किया गया है। इसके अलावा इनके खिलाफ जिलाबदर जैसी कड़ी कार्रवाई की प्रक्रिया भी पृथक रूप से प्रारंभ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में दिलीप उर्फ कालू पिता पुरुषोत्तम कसेरा (45) निवासी श्रीनगर कॉलोनी, जिसके विरुद्ध कुल 31 अपराध दर्ज हैं, हेमंत पिता बंशीलाल पंड्या (52) निवासी त्रिवेणी रोड, जिसके खिलाफ 11 मामले दर्ज हैं, रवि उर्फ गोलू पिता चंदर गवली (40) निवासी गवली मोहल्ला, जिसके विरुद्ध 17 अपराध दर्ज हैं तथा प्रकाश पिता मनोहरलाल जैन (82) निवासी सुतारों का वास, जिसके खिलाफ 43 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना सामने आया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 हजार 650 रुपये नगद जब्त किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, उप निरीक्षक लोकेन्द्रसिंह डाबर, उप निरीक्षक सुभाषचंद्र अग्निहोत्री, सहायक उप निरीक्षक गोरचंद, आशीष मांगरिया, प्रधान आरक्षक अमीचंद सिंगारे, विजय झोड़िया, विकास बोरासी, रमेश चौहान तथा आरक्षक वीरेंद्र बारोड़ की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई को शहर में अपराध और अवैध सट्टा कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत