रतलाम। बिलपांक पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 106 किलो 47 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही डोडाचूरा परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा नारंगी रंग का कंटेनर क्रमांक NL01AA6956 भी जब्त किया है। जब्त डोडाचूरा और कंटेनर की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन एवं तस्करी में लिप्त संदिग्धों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रतलाम ग्रामीण श्री किशोर पाटनवाला के निर्देशन में थाना प्रभारी बिलपांक मो. अय्युब खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
दिनांक 21 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नारंगी रंग के कंटेनर में डोडाचूरा भरकर सातरूंडा होते हुए इंदौर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम ने सातरूंडा क्षेत्र में घेराबंदी की। इंदौर रोड स्थित ले-बाय पर मुखबिर के बताए हुलिए का कंटेनर दिखाई दिया। कंटेनर में मौजूद दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान मोहनलाल पिता बगदीराम माली, उम्र 42 वर्ष, निवासी बराड़ा, सरवनिया महाराज के पास, थाना जावद, जिला नीमच तथा प्रेमचन्द पिता केसुराम धाकड़, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम रामपुरिया, थाना बेगु, जिला चित्तौड़गढ़ राजस्थान के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान कंटेनर में कम्बलों के बीच छिपाकर रखे गए छह काले कट्टे मिले। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर इनमें कुल 106 किलो 47 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 548/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने डोडाचूरा अनिल सिंह सोंधिया राजपूत निवासी संगराणा घाटी, जिला नीमच से लाना बताया है। अनिल सिंह फिलहाल फरार है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का पुलिस रिमांड लेकर डोडाचूरा कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी पूछताछ शुरू कर दी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी मो. अय्युब खान, उनि. अल्केश सिंगाड़, उनि. सुरेश गोयल, सउनि. सतीश ठाकुर, प्र.आ. राहुल जाट, प्र.आर. तेजसिंह जगावत, प्रआर. हेमन्त परमार, प्रआर. दिनेश खिंची, प्रआर. नरेन्द्रसिंह चावड़ा, प्र.आर. अनिल शुक्ला, आर. संजय सोनी, आर. रोशन राठौर, आर. रोहित चौहान एवं आर. नितेश निन्नौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बिलपांक पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब फरार आरोपी अनिल सिंह सोंधिया राजपूत की तलाश के साथ ही पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत